Newzfatafatlogo

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की बधाई

भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की। इस जीत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने टीम को बधाई दी। राष्ट्रपति ने टीम की प्रतिभा की सराहना की, जबकि प्रधानमंत्री ने इसे अद्वितीय कौशल और टीमवर्क का परिणाम बताया। केंद्रीय मंत्रियों ने भी इस जीत को गर्व का क्षण बताया। जानें इस ऐतिहासिक जीत के बारे में और क्या कहा नेताओं ने।
 | 
टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की बधाई

भारत ने जीता आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप

दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को आयोजित आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की। इस शानदार जीत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने टीम इंडिया को बधाई दी।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतकर टीम इंडिया ने कई ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छुआ है। भारत गर्व से कह सकता है कि वह तीन बार इस कप को जीतने वाला एकमात्र देश है। यह लगातार दो बार कप जीतने वाली भी अकेली टीम है। इस जीत ने हमारे क्रिकेट प्रेमियों को खुशी और गर्व से भर दिया है। यह हमारे युवाओं की अपार प्रतिभा का प्रमाण है।” उन्होंने सभी खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन और सपोर्ट स्टाफ की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह के प्रदर्शन की कामना की।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई। यह शानदार जीत अद्वितीय कौशल, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क का परिचायक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन धैर्य दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया।”



केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “क्या जीत है…!! वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। आपके शानदार प्रदर्शन और जोश ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्व महसूस कराने के लिए पूरी टीम को बधाई।”



केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, “आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। हमारे खिलाड़ियों ने न सिर्फ खिताब बरकरार रखा, बल्कि शानदार प्रदर्शन से मैदान पर भी छा गए। यह मैच क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार बन गया है।”



केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की शानदार जीत पर हमारे क्रिकेटरों को दिल से बधाई। उनके खेल कौशल, जुनून और बेहतरीन टीमवर्क ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। हमारी टीम पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन की तरह खेली।”


केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लिखा, “अजेय भारत—अविश्वसनीय भारत। टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल कर विश्व चैंपियन बनने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई। खिलाड़ियों के अद्भुत प्रदर्शन और उत्कृष्ट टीम भावना ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।”


केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने इस जीत को ‘विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा’ बताते हुए लिखा, “गूंज उठा है नीला अंबर… फिर एक मोड़, विश्व विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा जारी है। बधाई भारत। यह रात और जीत का यह अंदाज हमेशा याद रहेगा।”


गौरतलब है कि टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी तीसरी बार जीती है और घरेलू सरजमीं पर यह खिताब जीतने वाला पहला देश बन गया है। भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।