ट्रंप की ईरान को चेतावनी: एक सभ्यता का अंत हो सकता है
ट्रंप की धमकी
वाशिंगटन - अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर से नेस्तनाबूद करने की चेतावनी दी है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि आज रात पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है।
ट्रंप ने ट्रुथ पोस्ट में लिखा, "आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसा नहीं चाहते, लेकिन यह संभव है। उनके अनुसार, अब सत्ता परिवर्तन की संभावना है, जिससे अधिक समझदार और कम कट्टरपंथी लोग सत्ता में आ सकते हैं। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यदि ऐसा हुआ, तो "शायद कुछ बहुत ही शानदार हो जाए।"
उन्होंने कहा कि आज रात दुनिया के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पल साबित हो सकता है, जो पिछले 47 वर्षों से चल रहे दमन, भ्रष्टाचार और हिंसा का अंत कर सकता है। इससे पहले, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों को नष्ट करने की बात कही थी। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान को "एक ही रात में खत्म किया जा सकता है।" यदि ईरान अमेरिका से समय पर समझौता नहीं करता, तो कार्रवाई कभी भी हो सकती है, यहां तक कि मंगलवार रात भी।
ईरान का जवाब
ईरान ने ट्रंप की धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अमेरिका और उसके सहयोगियों को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे।
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान के नेता बातचीत कर रहे हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि कोई समझौता होगा या नहीं। ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया है। इस बीच, इजरायल ने ईरान के रेलवे सिस्टम को नष्ट करने की धमकी दी है। आईडीएफ ने ईरानियों को रेल सेवा का उपयोग न करने की सलाह दी। इसके बाद कई ठिकानों पर हमले किए गए। अर्द्ध सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी और आईआरएनए न्यूज एजेंसी ने इस बारे में जानकारी दी। बताया गया कि मंगलवार को उत्तर-पश्चिम ईरान में तबریز-जंजान हाईवे पर बने एक पुल और याह्या अबाद रेलवे पुल को निशाना बनाया गया।
