ट्रंप ने ईरान के साथ वार्ता के लिए पाकिस्तान भेजे अमेरिकी प्रतिनिधि
ईरान के साथ वार्ता का दूसरा दौर
वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को जानकारी दी कि अमेरिकी वार्ताकार सोमवार को ईरान के साथ बातचीत के दूसरे चरण के लिए पाकिस्तान पहुंचेंगे। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान अमेरिका द्वारा प्रस्तुत समझौते को नहीं मानता है, तो वह ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे को नष्ट करने पर विचार कर सकते हैं। यह घोषणा अमेरिका और ईरान के बीच 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई सीधी वार्ता के एक सप्ताह बाद आई है, जिसका उद्देश्य संघर्ष को समाप्त करना था, लेकिन इस वार्ता में कोई ठोस समझौता नहीं हो सका। ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में लिखा, 'मेरे प्रतिनिधि कल शाम को वार्ता के लिए इस्लामाबाद जा रहे हैं।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने 'फॉक्स न्यूज' को बताया, 'जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पश्चिम एशिया की ओर रवाना हो रहे हैं। उनकी बैठक मंगलवार सुबह शुरू होगी। यह एक बहुत ही सरल समझौता है, वे इसके अधिकांश बिंदुओं पर सहमत हो गए हैं।'
