डॉ. एम.एल. जाट को मिला ‘मारवाड़ रत्न’ सम्मान
डॉ. जाट का सम्मान समारोह
जोधपुर: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर) के सचिव, डॉ. एम. एल. जाट को मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, मारवाड़-जोधपुर द्वारा प्रतिष्ठित ‘राव सीहा सम्मान – मारवाड़ रत्न’ से नवाजा गया।
इस सम्मान के तहत जोधपुर के महाराजा गज सिंह ने डॉ. जाट को अंगवस्त्र, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र, एक लाख रुपये की सम्मानित राशि और स्मृति चिन्ह प्रदान किए। यह पुरस्कार कृषि अनुसंधान, जलवायु अनुकूल खेती, मरुस्थलीय कृषि नवाचार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया।
डॉ. जाट का पश्चिमी राजस्थान से गहरा संबंध रहा है। उनके नेतृत्व में आईसीएआर ने सूखा प्रतिरोधी फसलों, संरक्षण कृषि और किसानों की आय बढ़ाने से संबंधित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की हैं।
इस अवसर पर महाराजा गज सिंह ने कहा कि डॉ. जाट ने कृषि विज्ञान को खेतों और किसानों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और उनका कार्य देश की कृषि नीति और किसानों के हितों के लिए प्रेरणादायक है।
‘राव सीहा सम्मान’ मारवाड़ के संस्थापक राव सीहा जी के नाम पर दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान है। मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट हर वर्ष मारवाड़ की संस्कृति, अस्मिता और जनकल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों को यह सम्मान प्रदान करता है।
