डोनाल्ड ट्रंप की स्वास्थ्य स्थिति पर नई जानकारी, प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
ट्रंप की तबीयत को लेकर अटकलें
वॉशिंगटन - अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वास्थ्य को लेकर रविवार शाम से कई खबरें सामने आ रही थीं। हाल ही में मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि ट्रंप अमेरिकन कंजर्वेटिव्स की एक महत्वपूर्ण सालाना बैठक में शामिल नहीं होंगे। इस स्थिति को देखते हुए विभिन्न कयास लगाए जा रहे थे। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति आज मीडिया से संवाद करेंगे।
कैरोलिन लेविट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रेस की मांग के चलते, राष्ट्रपति ट्रंप की कल (6 अप्रैल) की न्यूज कॉन्फ्रेंस अब व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में दोपहर 1 बजे (स्थानीय समयानुसार) होगी।" भारतीय समयानुसार, यह जानकारी 6 अप्रैल को सुबह तीन बजकर 19 मिनट पर दी गई, जो अमेरिकी समयानुसार 5 अप्रैल की शाम लगभग 5 बजकर 49 मिनट है।
व्हाइट हाउस ने उन अटकलों को खारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रपति ट्रंप को अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह अटकलें तब शुरू हुईं जब व्हाइट हाउस ने शनिवार सुबह 11 बजे (ईटी) 'फोटो लिड' घोषित किया। कूटनीतिक और प्रशासनिक भाषा में इसका मतलब है कि उस दिन राष्ट्रपति का कोई अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है।
कुछ पोस्ट्स में दावा किया गया कि ट्रंप को वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर ले जाया गया है, जिसे एक वायरल मोटरकेड वीडियो ने और बढ़ावा दिया। हालांकि, फैक्ट-चेक और बाद की रिपोर्टिंग में यह स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो 2024 का है, जब ट्रंप को फायरिंग में घायल होने के बाद पेन्सिल्वेनिया के बटलर स्थित एक अस्पताल से छुट्टी मिली थी। व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर स्टीवन च्युंग ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम सामान्य है। उन्होंने लिखा, "ट्रंप से ज्यादा मेहनत करने वाला कोई राष्ट्रपति नहीं रहा है। इस ईस्टर वीकेंड पर भी वह व्हाइट हाउस और ओवल ऑफिस में लगातार काम कर रहे हैं।"
वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर से रिपोर्टिंग कर रहे एक पत्रकार ने भी कहा कि वहां न तो 'मरीन वन' था, न कोई मोटरकेड और सड़कें भी खुली हुई थीं। सीबीएस न्यूज की पत्रकार एम्मा निकोलसन ने पोस्ट किया, "दोपहर 1:50 बजे वेस्ट विंग के दरवाजे पर एक मरीन संतरी खड़ा है, जो यह दर्शाता है कि राष्ट्रपति अंदर काम कर रहे हैं।" आमतौर पर वेस्ट विंग के प्रवेश द्वार पर मरीन संतरी की मौजूदगी यह संकेत देती है कि राष्ट्रपति बिल्डिंग में मौजूद हैं और काम कर रहे हैं। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब राष्ट्रपति के स्वास्थ्य को लेकर इस तरह की झूठी खबरें फैली हैं। पहले भी कई बार राष्ट्रपति की गतिविधियों से जुड़ी गलत जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैलती रही है।
