तमिलनाडु मंत्रिमंडल में 23 नए मंत्रियों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री विजय का मंत्रिमंडल विस्तार
चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने अपने मंत्रिमंडल में 23 नए विधायकों को शामिल किया है। इन नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे गिंडी में राज्यपाल आवास पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री विजय और अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में मंत्रियों ने पद की शपथ ली। कांग्रेस के दो विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इससे पहले, विजय ने इन 23 विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की सिफारिश की थी।
राज्यपाल ने गुरुवार सुबह चेन्नई के लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह से पहले इन नियुक्तियों को स्वीकृति दी थी। यह विस्तार विजय के नेतृत्व में बनी नई TVK सरकार में विधानसभा चुनावों के बाद दूसरा बड़ा विस्तार है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेश कुमार और मेलूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पी. विश्वनाथन को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री विजय सहित मंत्रिमंडल में कुल 10 मंत्री थे। अब TVK के 21 और कांग्रेस के 2 विधायकों के शपथ लेने के बाद मंत्रियों की कुल संख्या 33 हो गई है।
महिलाओं की संख्या में वृद्धि
तमिलनाडु कैबिनेट में पहले से कीर्तना मौजूद थीं। अब तीन और महिलाओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, जिनमें अविनाशी की विधायक कामली, कुमारपलायम की विधायक विजयलक्ष्मी और राजापलायम की विधायक जेगदेश्वरी शामिल हैं।
தமிழக அமைச்சர்களுக்கான துறைகள் ஒதுக்கீடு! #TVK #TVKGovernment #TNCabinet #TNGovt pic.twitter.com/MU95uU4nG3
— Gobinath (@Itsme_Gobinath) May 21, 2026
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164(1A) के अनुसार, किसी राज्य की विधानसभा में अधिकतम 15 प्रतिशत सदस्य ही मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसी के तहत 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 35 निर्धारित की गई है।
कांग्रेस की ऐतिहासिक वापसी
एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार शाम को एक पोस्ट में बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजेश कुमार और पी विश्वनाथन को तमिलनाडु मंत्रिमंडल में शामिल करने की स्वीकृति दी है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि कांग्रेस 59 वर्षों के बाद राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हो रही है।
