दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में भीषण आग, 10 लोगों की मौत
दिल्ली में आगजनी की घटना
नई दिल्ली। बुधवार सुबह दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल-रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हौज रानी क्षेत्र में स्थित इस होटल में आग इतनी तेजी से फैली कि धुएं ने पूरी इमारत को घेर लिया। अंदर फंसे लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनी की ओर दौड़ने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति इतनी भयावह थी कि कई लोगों ने नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना ने राजधानी में इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दमकलकर्मियों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
Massive fire in a hotel at Hauz Rani, Malviya Nagar, opposite Press Enclave, Saket, was fortunately brought under control by the Fire Brigade. The rapid mushrooming of 6-storey matchbox hotels in this Lal Dora area after the expansion of Max Hospital raises serious concerns about… pic.twitter.com/ObhYIN3enM
— Ajay Jasra (@Jasra_G) June 3, 2026
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह लगभग 9:10 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद कई फायर टेंडर, वाटर बाउजर और क्विक रिस्पॉन्स वाहन मौके पर भेजे गए। अधिकारियों के अनुसार, आग मालवीय नगर के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी थी, जो देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। दमकलकर्मियों ने बेसमेंट समेत कई हिस्सों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तुरंत CATS एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
सोमनाथ भारती ने बताया कि पास की एक गद्दे की दुकान के मालिक ने नीचे गद्दे बिछाए, जिससे कई लोगों ने ऊपरी मंजिलों से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 20 से 25 लोग घायल हुए हैं, जबकि 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। फिलहाल दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में लगी भीषण आग के संबंध में एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियों को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि इमारत के नीचे एक होटल चलाया जा रहा था और प्रारंभिक जांच में आग उसी होटल से फैलने की बात सामने आ रही है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। एसडीएम के अनुसार, शवों को निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि होटल किसी दूसरे लाइसेंस के आधार पर संचालित किया जा रहा था। समय पर बीएसईएस द्वारा बिजली सप्लाई बंद किए जाने से आग को नियंत्रण में लाने में मदद मिली।
