दिल्ली के विवेक विहार में आग लगने से 9 लोगों की मौत, कई घायल
दिल्ली में भीषण आग का हादसा
नई दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में एक इमारत के छह फ्लैटों में देर रात आग लग गई, जिससे 9 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
आग लगने की सूचना दमकल विभाग को सुबह लगभग 3:47 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत कई दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे, जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस और दमकल विभाग ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। इस इमारत में कुल 8 परिवार निवास करते थे।
पुलिस के अनुसार, विवेक विहार थाने में आग लगने की सूचना 3 मई को लगभग 3:48 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, एसएचओ और एसीपी के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दमकल विभाग और क्राइम टीम भी मौके पर पहुंच गई।
आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों में लगी थी। बचाव अभियान के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर 12 दमकल गाड़ियां, डीडीएमए स्टाफ, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस मौजूद थी। मामले की जांच जारी है।
इससे पहले, गाजियाबाद के इंदिरापुरम में गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लगी थी, जो 9वीं से 13वीं मंजिल तक फैल गई थी। आग से उठता धुआं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक दिखाई दिया था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
