Newzfatafatlogo

दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति स्थिर, मुख्यमंत्री ने दी आश्वासन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एलपीजी की आपूर्ति को स्थिर और पर्याप्त बताया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों में न आएं और संयम बनाए रखें। 12 अप्रैल को बुकिंग से अधिक सिलेंडरों की डिलीवरी हुई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आपूर्ति श्रृंखला मजबूत है। मुख्यमंत्री ने कमर्शियल उपभोक्ताओं को भी शांति बनाए रखने की सलाह दी है और पाइप्ड नेचुरल गैस के उपयोग को प्रोत्साहित किया है।
 | 
दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति स्थिर, मुख्यमंत्री ने दी आश्वासन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा: एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति, बुकिंग से अधिक हो रही डिलीवरी


एलपीजी वितरण व्यवस्था दुरुस्त, किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर हैं कार्यरत


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह से स्थिर और नियंत्रण में है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या घबराहट में न आएं और संयम बनाए रखें।


मुख्यमंत्री ने घरेलू एलपीजी की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि 12 अप्रैल को 1,11,766 बुकिंग हुईं, जबकि तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने मिलकर 1,30,094 सिलेंडरों की डिलीवरी की, जो बुकिंग से अधिक है। इससे यह स्पष्ट होता है कि लंबित बुकिंग्स को तेजी से निपटाया जा रहा है और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत बनी हुई है। वर्तमान में औसत डिलीवरी समय 3.87 दिन है, जो पहले के 4.24 दिनों से कम है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर डोरस्टेप डिलीवरी मिल रही है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली को प्रतिदिन 6,480 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का आवंटन किया गया है। पिछले एक सप्ताह में औसत दैनिक खपत केवल 4,268 सिलेंडर रही है, जिसमें 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडरों की खपत भी शामिल है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि वर्तमान में उपलब्धता मांग से अधिक है।


मुख्यमंत्री ने सभी कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं, विशेषकर 5 किलोग्राम सिलेंडर उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अनावश्यक चिंता या भंडारण से बचें। पूरे शहर में वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रही है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए, अगर किसी कमर्शियल उपभोक्ता को एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में कोई कठिनाई होती है तो वे दिल्ली सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के नियंत्रण कक्ष से 011-23379836 या 8383824659 पर संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा सप्ताह के सभी दिनों में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध है।


सरकार ने उपभोक्ताओं और संस्थानों को यह भी प्रोत्साहित किया है कि जहां भी पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध है, वहां इसका उपयोग करें क्योंकि यह एक विश्वसनीय और निरंतर ईंधन आपूर्ति प्रदान करता है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे बड़े उपभोक्ताओं को यथाशीघ्र पीएनजी अपनाने की सलाह दी गई है, जिससे दक्षता, सुरक्षा और आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी।


इसके अलावा, उपभोक्ताओं को मध्यम और दीर्घकालिक समाधान के रूप में इलेक्ट्रिक या इंडक्शन कुकिंग अपनाने के विकल्प पर भी विचार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है ताकि निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार स्थिति पर प्रतिदिन करीबी नजर बनाए हुए है और राजधानी में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।