दिल्ली में चलती बस में महिला के साथ गैंगरेप, दो गिरफ्तार
दिल्ली में गैंगरेप की घटना
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के नांगलोई क्षेत्र में एक महिला के साथ चलती बस में गैंगरेप की घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे एक निजी बस में गैंगरेप का शिकार बनाया गया। घटना उस समय हुई जब वह रानीबाग से यात्रा कर रही थी और बस में पर्दे लगे हुए थे।
पीड़िता पीतमपुरा की निवासी है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है। 11 मई की रात, जब वह काम से घर लौट रही थी, तब सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड पर एक स्लीपर बस रुकी। आरोप है कि उसने बस के दरवाजे पर खड़े एक व्यक्ति से समय पूछा, जिसके बाद उसे जबरदस्ती बस के अंदर खींच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बस को नांगलोई की दिशा में ले जाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। जानकारी के अनुसार, महिला विवाहित है और उसके तीन बच्चे हैं। घटना के बाद, उसने नांगलोई थाने में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद मामला दर्ज किया गया और आगे की कार्रवाई के लिए एक टीम गठित की गई।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल बस को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। हालांकि, इस घटना ने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
