दिल्ली में ट्रांसप्लांट सुविधाओं में सुधार के लिए केंद्र से मिलेगी वित्तीय सहायता
दिल्ली में अंग प्रत्यारोपण की नई व्यवस्था
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम (एनओटीपी) के अंतर्गत भारत सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस एमओयू के बाद दिल्ली में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) की स्थापना की जाएगी, जिससे अंगदान और ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में अंग प्रत्यारोपण की व्यवस्था तीन स्तरों पर कार्यरत है: राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांटेशन ऑर्गनाइजेशन (NOTTO), क्षेत्रीय स्तर पर रीजनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांटेशन ऑर्गनाइजेशन (ROTTO), और राज्य स्तर पर SOTTO।
उन्होंने बताया कि अब तक दिल्ली में अंग प्रत्यारोपण से संबंधित कई कार्य NOTTO के माध्यम से किए जा रहे थे, लेकिन SOTTO की स्थापना से राज्य स्तर पर एक मजबूत व्यवस्था बनेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि SOTTO के माध्यम से अंगों के आवंटन, प्रतीक्षा सूची का प्रबंधन, और अस्पतालों के बीच समन्वय को बेहतर बनाया जाएगा। इसके साथ ही, मृतक अंगदान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के साथ एमओयू के बाद दिल्ली को कई महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होंगे, जिसमें SOTTO की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता और अन्य संसाधनों का समर्थन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था से अंगदान और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया अधिक संगठित और पारदर्शी होगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवन रक्षक अंग मिल सकेंगे।
