दिल्ली में बारिश से मिली गर्मी और प्रदूषण से राहत
दिल्ली और एनसीआर में बारिश का दौर जारी
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश का सिलसिला
दिल्ली में मार्च की शुरुआत से गर्मी से परेशान लोग पिछले कुछ दिनों से राहत महसूस कर रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले दो दिनों से बादल छाए हुए थे, और गुरुवार सुबह से हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने लगीं। यह बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। दिल्ली एनसीआर में भी एक-दो दिन से बारिश हो रही है, साथ ही कभी-कभी तेज हवाएं भी चल रही हैं। इस बारिश के कारण दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बेहतर हुआ है।
आज का मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी रहेगा। इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि कभी-कभी यह 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 21 मार्च को अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 22 से 24 मार्च तक अधिकतम तापमान 30-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
तापमान में गिरावट
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण तापमान में 6 से 7 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग का कहना है कि यदि बारिश का यह सिलसिला एक-दो दिन और जारी रहा, तो तापमान और गिर सकता है।
अन्य राज्यों में भी बारिश
उत्तर भारत में मौसम में बदलाव जारी है, जो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। हाल ही में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हुई है, जबकि इन राज्यों के मैदानी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर हल्की बारिश और ओलावृष्टि देखी गई है।
