दिल्ली में मोबाइल स्नैचिंग के आरोपी की गिरफ्तारी, चोरी का फोन बरामद
मोबाइल स्नैचिंग की घटना में गिरफ्तारी
नई दिल्ली : कल्याणपुरी पुलिस ने मोबाइल फोन छीनने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में चोरी और झपटमारी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कल्याणपुरी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों को गश्त करने के लिए निर्देशित किया गया था। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने स्थानीय खुफिया जानकारी एकत्र की और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को रात साढ़े आठ बजे ओम प्रकाश सिंह यादव नामक व्यक्ति ने झपटमारी की घटना की सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने 19 वर्षीय नितिन को गिरफ्तार किया और उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया।
एक अन्य मामले में, मधु विहार पुलिस स्टेशन के ईआरवी स्टाफ ने चोरी की मोटरसाइकिल और गांजे के साथ एक आरोपी को पकड़ा। एनडीपीएस एक्ट के तहत उसके पास से 71.58 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। 27-28 अप्रैल की रात गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर देखा। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल अपनी निजी आवाजाही के लिए चुराई थी और गांजा अपने व्यक्तिगत उपयोग के साथ-साथ स्थानीय संपर्कों को बेचने के लिए रखा था।
