दिल्ली में विकास कार्यों की नई शुरुआत, आशीष सूद ने किया उद्घाटन
जनकपुरी में विकास कार्यों का शुभारंभ
- पिछली सरकार की उपेक्षा और लापरवाही के कारण जनकपुरी विधानसभा में विकास कार्य ठप रहे- शिक्षा मंत्री
- जनकपुरी के सी-1ए और सी-2 ब्लॉक में 1.60 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
- सी-1ए और सी-2 ब्लॉक के निवासियों की लंबे समय से की गई मांग पूरी की गई।
दिल्ली समाचार | नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी के सी-1ए और सी-2 ब्लॉक में लगभग 1.60 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख नागरिक, स्थानीय निवासी और आरडब्ल्यू के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
सूद ने बताया कि इन दोनों ब्लॉकों के निवासियों की लंबे समय से मांग थी कि उनके क्षेत्रों में सीवर, पानी की पाइपलाइन, सड़क निर्माण आदि के कार्य पिछले सरकार के समय से लंबित हैं। इन कार्यों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, विकास कार्यों की शुरुआत की गई है।
सी-1ए ब्लॉक में महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत
उन्होंने कहा कि जनकपुरी के सी-1ए ब्लॉक में लगभग 86.37 लाख रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण कार्य शुरू किए गए हैं, जिनमें सीवर लाइन बिछाने, सड़क निर्माण और डेंस कारपेटिंग शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।
सी-2 ब्लॉक में भी लगभग 73.91 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत की गई है, जिसमें सीवर लाइन बिछाने, गली का इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास शामिल है।
सरकार का लक्ष्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना
इस अवसर पर सूद ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है।
दिल्ली सरकार का उद्देश्य राजधानी के हर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करना है। जनकपुरी में शुरू किए गए ये विकास कार्य स्थानीय निवासियों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में दिल्ली में विकास के नाम पर केवल बड़े-बड़े विज्ञापन दिए गए और सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया गया। अब दिल्ली की सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
