दिल्ली हाई कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई के दौरान पोर्न वीडियो का प्रसारण
दिल्ली हाई कोर्ट में अजीब घटना
नई दिल्ली: बुधवार, 29 अप्रैल को दिल्ली हाई कोर्ट में उस समय हड़कंप मच गया जब चीफ जस्टिस देवेंद्र उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच नियमित सुनवाई कर रही थी। वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े एक अनजान यूजर ने अचानक अपनी स्क्रीन पर पोर्न वीडियो चलाना शुरू कर दिया।
स्क्रीन पर पोर्न वीडियो दिखाई देने से कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत वर्चुअल मीटिंग को बंद करना पड़ा। कुछ समय बाद जब सुनवाई फिर से शुरू हुई, तो उसी व्यक्ति ने फिर से पोर्न वीडियो चलाना शुरू कर दिया, जिसके बाद अधिकारियों ने वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये वीडियो अमेरिका से प्रसारित किए गए थे। बताया जा रहा है कि यह सामग्री श्रीधर सरनोबत और शीतजीत सिंह नामक यूजर अकाउंट से चलायी गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब पोर्न वीडियो के साथ एक आवाज भी सुनाई दी। रिपोर्ट के अनुसार, आवाज में कहा गया, “यह यूनाइटेड स्टेट्स से किया गया एक हैक है। मीटिंग को तुरंत बंद कर दो। इसे दोबारा कभी चालू मत करना। तुम हैक हो चुके हो।” यह घटना दोपहर करीब 12:56 बजे की बताई जा रही है। दिल्ली हाई कोर्ट में इस तरह की घटना पहली बार हुई है।
घटना के बाद, दिल्ली हाई कोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशन (IFSO) यूनिट को शिकायत दर्ज कराई है। अब IFSO यूनिट पूरे मामले की जांच करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कोर्ट की वर्चुअल सुनवाई में इस तरह की घुसपैठ कैसे हुई।
