दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह
जालंधर: सक्षम टेक विज़न लैब, मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में 13 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह धूमधाम से हुआ। यह कार्यक्रम विशेष रूप से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें उन्हें कंप्यूटर पर कीबोर्ड तकनीक और स्क्रीनरीडर सॉफ्टवेयर का उपयोग करके पढ़ने और लिखने का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण को श्री रजत और श्री अभिषेक ने प्रदान किया।
समापन समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में श्रीमती सीमा चोपड़ा (प्रख्यात पत्रकार एवं समाजसेवी), श्री सौभाग्य (फाइनेंस हेड, हिंदुस्तान हाइड्रोलिक्स) और एच.आर. हेड सुश्री शिल्पा (हिंदुस्तान हाइड्रोलिक्स) उपस्थित रहे। श्रीमती चोपड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की बात की और इस प्रशिक्षण को उनकी सफलता की यात्रा का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत करने और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
सक्षम टेक विज़न लैब की स्थापना बार्कलेज, दिल्ली और इंडिक-एआई फाउंडेशन के सहयोग से की गई है, जिन्होंने दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए 10 सीपीयू और 10 मॉनिटर उपलब्ध कराए। विद्यार्थियों के रहने और भोजन की व्यवस्था गुरुद्वारा प्रीतम भवन, गोपाल नगर में स्वामी शांतानंद जी के सहयोग से की गई। कार्यक्रम के दौरान दोपहर के भोजन और जलपान की व्यवस्था बी.एस.एफ. कॉलोनी, जालंधर के मित्तल परिवार द्वारा प्रायोजित की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मेरिट सूची में रूपेश कुमार गौतम ने प्रथम स्थान, अद्वित ने द्वितीय स्थान और मोनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजेताओं को बधाई दी और प्रमाण पत्र वितरित किए। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को डिजिटल कौशल से सशक्त बनाया जा सके। अगला बैच सोमवार से शुरू होगा।
