नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, नई राजनीतिक शुरुआत की ओर
नीतीश कुमार का इस्तीफा
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह इस्तीफा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को सौंपा। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी मौजूद थे। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। नीतीश कुमार लोकभवन से बाहर निकलते समय हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते नजर आए।
आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो,…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) April 14, 2026
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर, 2005 को एनडीए सरकार के गठन के बाद से राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया है, चाहे वह हिंदू, मुस्लिम, अपर कास्ट, पिछड़ा, अति पिछड़ा या दलित हो। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे क्षेत्रों में भी विकास कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने आगे कहा कि अगले पांच वर्षों के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है, जिससे बिहार का विकास और तेज होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि बिहार जल्द ही देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है और अब नई सरकार का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने सभी को धन्यवाद दिया और शुभकामनाएं दीं।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ बिहार में नई राजनीतिक पारी की शुरुआत मानी जा रही है। बीजेपी पहली बार राज्य में अपनी अगुवाई में सरकार बनाने की तैयारी कर रही है। विधायक दल की बैठक के बाद नए नेता के नाम पर मुहर लग सकती है।
नीतीश कुमार ने कैबिनेट को दी इस्तीफे की जानकारी

नीतीश कुमार ने कैबिनेट की बैठक में अपने इस्तीफे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन नई सरकार के साथ बना रहेगा। कैबिनेट की बैठक में केवल डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपनी बात रखी। नीतीश की कैबिनेट की आखिरी बैठक की ग्रुप फोटो भी सामने आई।
