नूरपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती का भव्य आयोजन
बाबा साहेब की जयंती का समारोह
नूरपुर (विनय महाजन): डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अंबेडकर युवा वेलफेयर सोसायटी ने क्षेत्र के बौड़ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस समारोह में नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाजन ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। पूर्व विधायक अजय महाजन ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए उनके सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के सिद्धांतों को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह समतामूलक समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है।
महाजन ने आगे कहा कि बाबा साहेब केवल संविधान के निर्माता नहीं थे, बल्कि दलितों, शोषितों और महिलाओं के अधिकारों के लिए भी एक सशक्त आवाज थे। उनका जीवन इस बात का संदेश देता है कि “जीवन लंबा नहीं, महान होना चाहिए।” इस अवसर पर सोसायटी के जिलाध्यक्ष के.सी. दियोल, श्री गुरु रविदास महासभा के अध्यक्ष हरबंस, सुखदेव सिंह, संदेश डडवाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाकर एक विकसित और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
