नोएडा में महिला कर्मचारियों का वेतन वृद्धि के लिए प्रदर्शन, पुलिस ने किया हस्तक्षेप
नोएडा में हंगामा
नोएडा: शुक्रवार को सेक्टर-8 में एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी की महिला कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन जल्द ही उग्र हो गया, जिसके चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। सैकड़ों महिलाओं के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई को हिरासत में लिया। इस दौरान वहां भारी भीड़ भी इकट्ठा हो गई।
'सन वॉइस इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड' में काम करने वाली महिलाओं ने सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर धरना दिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने फैक्ट्री प्रबंधन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विरोध के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और पुलिस ने फैक्ट्री का गेट बंद कर उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया।
कंपनी की पूर्व कर्मचारी सुल्ताना परवीन ने कहा कि 11,000 रुपये की सैलरी में गुजारा करना मुश्किल है, और काम का दबाव भी बहुत अधिक है। उन्हें 12-12 घंटे काम करना पड़ता है।
