न्यूयॉर्क में बस पलटने से पांच यात्रियों की मौत, कई घायल

नियाग्रा फॉल्स से लौटते समय हुआ हादसा
नियाग्रा फॉल्स से न्यूयॉर्क सिटी की ओर लौट रही एक बस के पलटने से पांच यात्रियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों के अनुसार, बस में कुल 54 लोग सवार थे, जिनमें कई भारतीय नागरिक भी शामिल थे। प्रांतीय पुलिस के प्रमुख आंद्रे रे ने शुक्रवार शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह दुर्घटना दोपहर लगभग 12:30 बजे न्यूयॉर्क के पेमब्रोक क्षेत्र में अंतरराज्यीय राजमार्ग-90 पर हुई।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिलता है कि चालक का ध्यान भटक गया था, जिसके कारण उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया और वह पलट गई। हालांकि, रे ने यह स्पष्ट नहीं किया कि चालक का ध्यान भटकने का कारण क्या था।
उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। रे ने बताया कि बस में सवार यात्रियों की उम्र एक वर्ष से लेकर 74 वर्ष के बीच थी। दुर्घटना के दौरान कई लोग बस से बाहर गिर गए, जिससे पांच वयस्क यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उन्होंने आगे कहा कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि अन्य किसी को गंभीर चोटें आई हैं।