पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने की आवश्यकता: परगट सिंह
फिरोजपुर में मैराथन का आयोजन
- परगट सिंह ने कहा- पंजाब की जवानी नशे से बचाने और अपराध को नियंत्रित करने की आवश्यकता है, युद्ध नशे विरुद्ध जैसे जुमलों की नहीं
- फिरोजपुर में हुसैनीवाला बार्डर पर मैराथन को फ्लैग ऑफ करने पहुंचे ओलंपियन व विधायक पद्मश्री परगट सिंह ने आर्मी के प्रयास की सराहना की
फिरोजपुर: गोल्डन ऐरो डिविजन द्वारा आयोजित फिरोजपुर बार्डर मैराथन-2025 में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, ओलंपियन और विधायक पद्मश्री परगट सिंह ने आर्मी के इस प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं को बचाने में उदासीन है, जबकि आर्मी का यह प्रयास हजारों युवाओं को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहा है। यह मैराथन शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करती है।
उन्होंने बताया कि आर्मी द्वारा आयोजित 5 और 10 किलोमीटर की हॉफ मैराथन में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। इस तरह के आयोजनों से हम अपने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचा सकते हैं। हुसैनीवाला बार्डर पर दौड़ लगाकर युवाओं ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, जिसमें आर्मी के उच्च अधिकारी और राजनेता भी शामिल हुए।
परगट सिंह ने कहा कि बार्डर क्षेत्र पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है। फिरोजपुर के आसपास के गांवों में लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और विकास की आवश्यकता है। वर्तमान में, बार्डर क्षेत्र के युवा नशे की लत में फंसे हुए हैं और कुछ नशा तस्करी में भी शामिल हैं। सरकार को इन क्षेत्रों के विकास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों का जीवन स्तर सुधर सके। तभी युवा और देश आगे बढ़ सकेंगे।
पूर्व शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार केवल युद्ध नशे विरुद्ध जैसे नारे लगाकर लोगों को भ्रमित कर रही है। सरकार नशे को समाप्त करने का दावा करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि बार्डर क्षेत्र में युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशा तस्करी की चेन को तोड़ने में सरकार असफल रही है।
इसके अलावा, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। आप सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बना दिया है। यहां हत्या और गोलीबारी की घटनाएं आम हो गई हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब पंजाब में गोलीबारी या हत्या न हो। आम आदमी पार्टी को नशे और अपराध के खिलाफ कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है।
