पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़
पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने सीमा पार से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने इस ऑपरेशन में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6 किलो हेरोइन और 6 किलो आइस (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) बरामद की गई है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में शामिल दो वाहनों को भी जब्त किया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पाकिस्तान में स्थित एक हैंडलर के संपर्क में थे। यह गिरोह सीमा पर लगे फेंसिंग क्षेत्र के निकट ड्रोन के माध्यम से गिराए गए मादक पदार्थों को उठाकर पंजाब के विभिन्न स्थानों पर वितरित करता था। इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा, "काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने ट्रांस-बॉर्डर नारकोटिक्स स्मगलिंग के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 6 किलो हेरोइन और 6 किलो आईसीई (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) बरामद की गई है। इसके साथ ही तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।"
डीजीपी ने आगे बताया, "प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी पाकिस्तान-बेस्ड हैंडलर के सीधे संपर्क में थे और ड्रोन से गिराए गए सामान को बाड़ वाले बॉर्डर क्षेत्रों से निकालकर पूरे पंजाब में सप्लाई कर रहे थे। एनडीपीएस एक्ट के तहत एसएसओसी, अमृतसर में एक एफआईआर दर्ज की गई है। आगे की जांच जारी है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।"
डीजीपी गौरव यादव ने यह भी कहा कि पंजाब पुलिस ड्रग सिंडिकेट को समाप्त करने और एक सुरक्षित, ड्रग-फ्री पंजाब सुनिश्चित करने के अपने मिशन पर दृढ़ है।
