पंजाब में नशा मुक्त अभियान के लिए जनता का सहयोग आवश्यक: सीएम मान
पंजाब में नशे के खिलाफ सख्त कदम
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नशे के खिलाफ अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा है कि राज्य को पूरी तरह से नशा मुक्त करने के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है और उनकी सरकार इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
पंजाब पुलिस में भर्ती का बड़ा अभियान
सीएम मान ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पंजाब पुलिस की संख्या पहली बार एक लाख के पार जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान शुरू किया है। 2000 में पंजाब पुलिस की संख्या 80,000 थी, जो अब भी लगभग उतनी ही है।
उन्होंने कहा कि पिछले सरकारों ने पुलिस की चुनौतियों पर ध्यान नहीं दिया, जबकि अब उनकी सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
730 अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि 730 जांच अधिकारी एक छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग ले रहे हैं। इस कार्यशाला में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को नई तकनीकों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना आवश्यक है। पहले तस्कर कानूनी खामियों का फायदा उठाकर बच निकलते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
सीएम मान ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ समन्वय में काम कर रही है और नए कानूनों के लागू होने से कई प्रक्रियाओं में बदलाव आया है।
