पंजाब में बब्बर खालसा के दो आतंकियों की गिरफ्तारी, पिस्तौल और कारतूस बरामद
पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई
विदेश में बैठे मास्टरमाइंड के निर्देश पर काम कर रहे थे आरोपी: डीजीपी
पंजाब क्राइम न्यूज़ (चंडीगढ़): पंजाब पुलिस ने आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने सीआई एसएएस नगर के सहयोग से हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस थाने में आरडीएक्स आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाके में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान महावीर उर्फ बच्चा और मनप्रीत उर्फ मनी के रूप में हुई है, जो एसबीएस नगर के निवासी हैं। उनके पास से एक 9 एमएम गलौक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
आतंकवादी गतिविधियों का खुलासा
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के साथ जुड़े हुए थे और विदेश में स्थित मास्टरमाइंड गोपी नवांशहरिया, जस्सी कुलाम और शुशांत चोपड़ा के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन आरोपियों ने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर आरडीएक्स आधारित आईईडी और हैंड ग्रेनेड की खेप प्राप्त की थी।
गौरतलब है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने 1 जनवरी, 2026 को नालागढ़ पुलिस थाने पर धमाके के लिए इस्तेमाल किया गया आईईडी भी इसी खेप से प्राप्त किया था।
पहले से गिरफ्तार छह आरोपी
डीजीपी ने बताया कि पहले ही पंजाब पुलिस ने छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो आतंकवादी हार्डवेयर प्राप्त कर रहे थे और आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ पूरे माड्यूल का पर्दाफाश हो गया है। इस मामले में मोहाली के पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
