पंजाब में बाढ़ का संकट: 1300 गांव प्रभावित, बारिश जारी

पंजाब में बाढ़ का कहर
चंडीगढ़ – पंजाब में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। अधिकांश शहरों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इस बारिश के कारण कई कच्चे घरों की छतें गिरने लगी हैं। अमृतसर के सठियाला कस्बे में एक गरीब परिवार के घर की छत गिरने से एक बच्ची की जान चली गई। कुलदीप सिंह ने बताया कि उनके भाई राजविंदर सिंह का परिवार घर के अंदर था, जब अचानक छत गिर गई। इस हादसे में 11 साल की रमनजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को सरकारी अस्पताल बाबा बकाला साहिब में भर्ती कराया गया है।
फिल्लौर में सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से श्री शनि मंदिर में 2 फीट तक पानी भर गया है। जिला प्रशासन के अधिकारी सतलुज नदी के किनारे मौजूद हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1312 गांव बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। आज भी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भाखड़ा डैम का जलस्तर खतरे के निशान से केवल 3 फीट नीचे है। पोंग डैम में सुबह 6 बजे जलस्तर 1390.63 फीट दर्ज किया गया, जहां पानी की आवक 96,777 क्यूसेक और निकास 95,836 क्यूसेक है।