पंजाब में बाढ़ प्रभावितों को 45 दिनों में मिलेगा मुआवजा

कैबिनेट मंत्रियों का दौरा
कैबिनेट मंत्रियों ने ससराली और धुस्सी बांध का दौरा किया
चंडीगढ़/लुधियाना/जालंधर: बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री बीरेंद्र गोयल और हरदीप सिंह मुंडियां ने ससराली और धुस्सी बांध के मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि बाढ़ से प्रभावित सभी व्यक्तियों को 45 दिनों के भीतर मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इसके लिए विशेष गिरदावरी का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
गाद हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश
मंत्रियों ने गाद हटाने के कार्य को तेज करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती के निर्देश दिए, जिसमें विशेष फ्लोटिंग एक्सकेवेटर, पोकलेन और जेसीबी शामिल हैं। पंजाब सरकार ने पहले ही दरिया के प्रवाह को उसके मूल मार्ग पर लाने के लिए विशेष फ्लोटिंग एक्सकेवेटर तैनात किया है। मंत्रियों ने गाद जमा होने से रोकने के लिए अतिरिक्त मशीनरी लगाने और दरिया के प्रवाह को तेजी से बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों को जुटाने का आदेश दिया।
क्षतिग्रस्त घर की मरम्मत के लिए सहायता
राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने गांव साहिबाना का दौरा किया और वहां के निवासी बलबीर सिंह को उनके घर की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत के लिए 50 हजार रुपए की सहायता दी। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार बलबीर सिंह की और सहायता के लिए अतिरिक्त फंड जारी करेगी। इसके बाद जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने धुस्सी बांध को मजबूत करने के कार्य का निरीक्षण करने के लिए गांव मंडाला छन्ना का दौरा किया, जहां राहत कार्य चल रहे हैं।