पंजाब में बाढ़ राहत: 2300 गांवों के लिए सफाई महाअभियान का ऐलान

मुख्यमंत्री भगवंत मान का बड़ा ऐलान
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के लिए एक व्यापक राहत और सफाई अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि बाढ़ का पानी कई स्थानों से निकल चुका है, लेकिन अब बचे हुए मलबे और रेत को साफ करने के लिए सरकार एक बड़ा "सफाई महाअभियान" शुरू करने जा रही है।
2300 गांवों की सफाई का लक्ष्य
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इस अभियान के तहत बाढ़ से प्रभावित 2300 गांवों को शामिल किया जाएगा। हर गांव में जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और श्रमिकों की व्यवस्था की जाएगी ताकि बाढ़ के कारण आए मलबे और रेत को हटाया जा सके। इस अभियान के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रारंभ में हर गांव को 1 लाख रुपये की टोकन राशि दी जाएगी, और आवश्यकता अनुसार और फंड जारी किया जाएगा। सफाई का पूरा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी, और इस अभियान को 24 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कदम
बाढ़ के बाद बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए, सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी एक बड़ा योजना तैयार की है। सीएम मान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए फॉगिंग कराई जाएगी। इसके अलावा, सभी 2300 प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। जिन 500 गांवों में आम आदमी क्लीनिक हैं, वहां सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा, जबकि अन्य गांवों में पंचायत भवन या स्कूलों में कैंप स्थापित किए जाएंगे। आपातकालीन सेवाओं के लिए 550 एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।
पशुओं के लिए विशेष राहत योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ से 713 गांवों में लगभग 2.5 लाख पशु प्रभावित हुए हैं। उनकी देखभाल के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। हर प्रभावित गांव में पशु चिकित्सकों की एक टीम तैनात की जाएगी, जो पशुओं को बीमारियों से बचाने का कार्य करेगी। इसके साथ ही, पशुओं के बाड़ों से मलबा और खराब चारा हटाया जाएगा, और किसानों को पशुओं के लिए पोटैशियम भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सामाजिक कल्याण संस्थाओं से सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 15 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सार्वजनिक स्थानों को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने सामाजिक कल्याण संस्थाओं से भी इस महाअभियान में सरकार की मदद करने की अपील की।