पंजाब में हर जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल
चंडीगढ़: पंजाब के वन संरक्षण विभाग ने इस मानसून में राज्य के 23 जिलों में से प्रत्येक में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिससे कुल मिलाकर लगभग 1.50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक ने मंडलीय वन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों के उपायुक्तों के साथ मिलकर कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को शामिल किया जाना चाहिए।
राज्य राजमार्गों पर पौधारोपण
मंत्री ने बड़े जिलों में राज्य राजमार्गों के दोनों ओर 500 मीटर की दूरी पर पौधे लगाने के लिए दो स्थान और छोटे जिलों में एक स्थान की पहचान करने का सुझाव दिया। उन्होंने डीएफओ को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने और स्थानों का विवरण 10 जून तक मुख्यालय को भेजने के लिए कहा।
बैठक में बताया गया कि ग्रीन पंजाब मिशन के तहत 584 हेक्टेयर में पौधारोपण किया जाएगा। इसके अलावा, श्री गुरु रविदास जी के 650वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 650 नानक बगीचियां भी स्थापित की जाएंगी।
पौधरोपण की स्थिति की समीक्षा
मंत्री ने पौधारोपण की वास्तविक स्थिति की निगरानी के लिए विकसित ऐप की सराहना की। इस अवसर पर वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
