पंजाब विश्वविद्यालय में गोलीबारी का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया हथियार
पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी हुआ घायल
पुलिस ने आरोपी से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे बरामद किए हैं।
चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से एक संयुक्त ऑपरेशन में पंजाब विश्वविद्यालय में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवंड़ा पर गोलीबारी करने वाले मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से .32 बोर की देसी पिस्तौल मिली है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस के रूप में हुई है, जो खेड़ी नौध सिंह, कोटला मसूद, फतेहगढ़ साहिब का निवासी है।
आरोपी बंबीहा गैंग का सदस्य
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति डॉनी बल्ल/बंबीहा गैंग का एक सक्रिय सदस्य है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हमला गैंग के निर्देश पर किया गया था। डीजीपी ने कहा कि मामले की गहराई से जांच जारी है ताकि इसके पीछे के संबंधों का पता लगाया जा सके।
पुलिस की सफलता का रहस्य
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि एजीटीएफ पंजाब के इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह और एसआई अमनदीप सिंह की टीम ने घटना के दिन से ही चंडीगढ़, फतेहगढ़ साहिब और अमलोह क्षेत्र में सुरागों की जांच की। एडीजीपी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आरोपी को अमलोह-पातड़ा रोड पर रोका गया, जहां उसने पुलिस पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अतिरिक्त जानकारी
ये भी पढ़ें : जालंधर में 10 पिस्तौल सहित दो तस्कर गिरफ्तार
