पंजाब सरकार का सख्त कदम: बेअदबी के खिलाफ नया कानून लाने की तैयारी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बड़ा ऐलान
कहा, आप सरकार जल्द सख्त सजाओं के लिए बेअदबी विरोधी कानून में संशोधन करेगी
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज यह जानकारी दी कि राज्य सरकार 13 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएगी। इस सत्र में जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट-2008 में संशोधन करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। नए कानून में कड़ी सजाएं, भारी जुमार्ना, संपत्ति जब्ती और डिजिटल माध्यम से किए गए अपराधों को भी शामिल किया जाएगा। इस कानून का मसौदा संत समाज और कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेकर तैयार किया जा रहा है।
बेअदबी के आरोपियों के लिए सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बेअदबी के किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संत समाज और धार्मिक नेताओं के साथ बैठक में कहा कि खालसा साजना दिवस के अवसर पर यह सत्र बुलाया जाएगा। इस दौरान संत समाज और कानूनी विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर एक्ट का निर्माण किया जाएगा। इस घिनौने अपराध के आरोपियों को उदाहरणीय सजा दिलाने के लिए देशभर के प्रमुख वकीलों से भी राय ली जाएगी।
एक व्यापक और मजबूत कानून की आवश्यकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्र के दौरान जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट-2008 में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे ताकि श्री गुरु ग्रंथ साहिब और अन्य धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी को रोकने के लिए एक मजबूत और व्यापक कानून बनाया जा सके। उन्होंने संत समाज, विभिन्न संप्रदायों, टकसालों, निहंग सिंह समूहों, उदासी संप्रदायों, निर्मला संप्रदायों, कार सेवा जत्थों, रागियों और कथावाचकों को विशेष सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान
पंजाब सरकार संत समाज और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करती है और सख्त कानून लाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानून में सख्त सजाएं, भारी जुमार्ना और आरोपियों की संपत्ति जब्त करने का प्रावधान भी होगा। यह एक्ट डिजिटल सामग्री के माध्यम से की जाने वाली बेअदबी के खिलाफ भी कार्रवाई का प्रावधान करेगा। पंजाब सरकार धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है।
