पंजाब सरकार ने बुजुर्गों के लिए 7.86 करोड़ का बजट जारी किया
16 हजार से अधिक बुजुर्गों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ा गया
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने बुजुर्गों के लिए एक विशेष योजना के तहत 16 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी कल्याण योजनाओं से जोड़ा है। सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में बुजुर्गों के स्वास्थ्य चेकअप कैंपों के लिए 7.86 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
बुजुर्गों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इन कैंपों में 4543 बुजुर्गों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, 2071 का ऑर्थोपेडिक जांच, 3705 की आंखों की जांच, 1129 ने योग सत्र में भाग लिया, 1489 ने होम्योपैथिक उपचार और 2054 ने आयुर्वेदिक सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा, 243 बुजुर्गों को अलीमको योजना के तहत रजिस्ट्रेशन किया गया, जिनमें से 89 को व्हीलचेयर, चश्मा और श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।
राज्य के विभिन्न जिलों में कैंप आयोजित किए गए
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब के कई जिलों जैसे अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, और पटियाला में स्वास्थ्य चेकअप कैंप आयोजित किए गए हैं। फरीदकोट और संगरूर में भी जल्द ही ये कैंप लगाए जाएंगे। इस योजना के तहत जिला स्तर पर स्वास्थ्य चेकअप कैंपों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इन कैंपों में बुजुर्गों को मोतियाबिंद सर्जरी, मुफ्त सहायक उपकरण, वृद्धावस्था पेंशन, सीनियर सिटिजन कार्ड जारी करने के साथ-साथ योग कैंप, कानूनी जागरूकता कार्यक्रम और अन्य जागरूकता गतिविधियों का लाभ भी दिया जा रहा है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी देखभाल करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है।
