पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना की घोषणा की
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की नई योजना
– ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये मिलेंगे – भगवंत सिंह मान
– अनुसूचित जाति से संबंधित महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये मिलेंगे – भगवंत सिंह मान
– रजिस्ट्रेशन 13 अप्रैल से शुरू होगा, योजना में कोई शर्त नहीं लगाई गई; 18 वर्ष से अधिक उम्र की माताएं और बहनें लाभ लेने के योग्य होंगी – भगवंत सिंह मान
– पंजाब सरकार ने ‘सारी गारंटियां पूरी’ बजट पेश करके आम आदमी पार्टी के सभी चुनावी वादे पूरे किए – भगवंत सिंह मान
– 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त बिजली और प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि हर महिला को सशक्त बनाएगी – भगवंत सिंह मान
– विपक्षी पार्टियां पूछती हैं कि पैसा कहां से आएगा; यदि सरकार की नियत ईमानदार हो तो फंड की कोई कमी नहीं होती – भगवंत सिंह मान
– हमारी सरकार ईमानदारी से काम कर रही है, इसी कारण हम शानदार स्कूल, अस्पताल, मोहल्ला क्लिनिक और सड़कें बना रहे हैं – भगवंत सिंह मान
– पिछली सरकारों ने सिर्फ पंथ के नाम पर वोट मांगे, लेकिन कभी उनके लिए काम नहीं किया – भगवंत सिंह मान
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज घोषणा की कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने अपना सबसे बड़ा चुनावी वादा पूरा कर दिया है, जिसके तहत पूरे पंजाब की महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ शुरू की गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये मिलेंगे, जबकि अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित महिलाओं को 1,500 रुपये मिलेंगे। इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार का ‘सारी गारंटियां पूरी’ बजट चुनावी वादों को पूरा करने के प्रति आम आदमी पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस बजट में राज्य भर की महिलाओं को सशक्त बनाने और हर पंजाबी परिवार को समर्थन देने के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त बिजली और नकद रहित स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मीडिया से बातचीत में, मुख्यमंत्री ने पंजाब की माताओं, बेटियों और बहनों को बधाई दी और प्रार्थना की कि वे हर क्षेत्र में सफलता की नई कहानियां लिखती रहें। उन्होंने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की भलाई को केंद्र में रखकर यह बजट पेश किया गया है, जो ‘आप’ सरकार द्वारा उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के मुख्य वादे को पूरा करता है।
उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने लोगों से किया सबसे बड़ा चुनावी वादा पूरा किया है और राज्य की महिलाओं को अब ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत प्रतिमाह 1,000 रुपये मिलेंगे, जबकि अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को इस योजना के तहत आसानी से रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्रदान करने के लिए राज्य भर में विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया इस बैसाखी से शुरू होगी और इसे युद्ध स्तर पर लागू किया जाएगा ताकि सभी योग्य लाभार्थियों को जल्द से जल्द कवर किया जा सके। 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर लड़की और महिला इस योजना के तहत लाभ प्राप्त करने की हकदार होगी।
बजट को एक मील का पत्थर करार देते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगों की भलाई और राज्य की प्रगति के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का धन्यवाद किया और कहा कि यह सिर्फ एक बजट नहीं है बल्कि राज्य की प्रगति और इसके लोगों की खुशहाली का हलफनामा है।
पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए, उन्होंने कहा कि पहले के बजट अक्सर कागजी घोषणाओं तक सीमित रहते थे, जबकि लोगों को वास्तविक अर्थों में इनका कोई खास लाभ नहीं होता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान पेश किए गए बजट नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए ठोस नीतियां लाने की बजाय हमेशा बयानबाजी और काव्यात्मक हवाले तक सीमित रहे।
‘आप’ सरकार की व्यापक कल्याणकारी पहलों को उजागर करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिनमें मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त बिजली और मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत नकद रहित इलाज शामिल है। उन्होंने कहा कि ये पहल महिलाओं को सशक्त बनाते हुए समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत करेंगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार के पास अपने कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उचित वित्तीय संसाधन हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास पैसे की कोई कमी नहीं है क्योंकि हमारे इरादे स्पष्ट और ईमानदार हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार ईमानदारी से काम कर रही है, जिसके कारण शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में बड़े सुधार देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम ईमानदारी से काम कर रहे हैं जिसके चलते पूरे राज्य में स्कूल, अस्पताल, सड़कें और आम आदमी क्लिनिक बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार ने बिजली आपूर्ति में सुधार, सिंचाई प्रणालियों को मजबूत करने और किसानों को निर्बाध और आवश्यक बिजली प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इन उद्देश्यों के लिए थर्मल पावर प्लांट खरीदे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने लोगों से किए वादों के अनुसार सारी गारंटियां पूरी करने के साथ-साथ इससे अधिक कई काम किए हैं। ये कदम सरकार की यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं कि लोगों को सुचारू शासन के माध्यम से हर संभव लाभ मिले।
शिक्षा और खेल में निवेश के बारे में बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने साझा किया कि बजट में शिक्षा के लिए आवंटन में सात प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करना युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के सबसे प्रभावी तरीकों में से एक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करते हुए युवाओं की असीम ऊर्जा को खेलों में लगाकर उन्हें और सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो युवा खेलों की ओर जा रहे हैं, उनके पास नशों की ओर देखने तक का समय नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और लोगों की भलाई के लिए लोगों के हर एक पैसे का पूर्ण विवेकपूर्ण उपयोग कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सिस्टम में लीकेज़ या रिश्वतखोरी जैसी समस्याओं को प्रभावी ढंग से रोका गया है।
