पंजाब सरकार ने हलवारा हवाई अड्डे के विकास में 54 करोड़ रुपये का निवेश किया
हलवारा हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू होने पर लोगों को होगा फायदा
चंडीगढ़/हलवारा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जानकारी दी है कि राज्य सरकार ने हलवारा हवाई अड्डे के विकास पर 54.67 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं। उन्होंने बताया कि हलवारा से नियमित उड़ानें शुरू होने से न केवल स्थानीय निवासियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यह औद्योगिक निवेश और व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी नए अवसर खोलेगा।
सीएम ने किया हवाई अड्डे का दौरा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हवाई अड्डे का दौरा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार के प्रयासों के चलते यह हवाई अड्डा अब कार्यशील हो गया है। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के लोग सुरक्षित, किफायती और आरामदायक हवाई यात्रा का अनुभव कर सकें। उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
समय और पैसे की होती थी बर्बादी
मुख्यमंत्री ने पहले की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली-एनसीआर के लिए सीधी उड़ानें न होने के कारण लोगों को सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती थी। उन्होंने कहा कि अब इस हवाई अड्डे के चालू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यह पंजाब में निवेश को आकर्षित करेगा।
