पटना में भीषण सड़क हादसा: आठ लोगों की मौत, कई घायल

पटना में दर्दनाक सड़क दुर्घटना
पटना में सड़क हादसा: शनिवार की सुबह पटना जिले के दनियावां में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। यहां फतुहा गंगा स्नान के लिए एक ऑटो रिक्शा में सवार लोग जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में छह महिलाओं सहित कुल आठ लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में ऑटो चालक भी शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के रेरा मलामा गांव के निवासी गंगा स्नान के लिए पटना आए थे। जब उनकी ऑटो शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के दनियावां हिलसा स्टेट हाईवे पर अल्ट्राटेक फैक्ट्री के पास पहुंची, तब एक अज्ञात वाहन से सीधी टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो को ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से पटना PMCH में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस शाहजहांपुर हाल्ट के निकट पहुंच गई और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि फरार चालक की खोज की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
मृतकों की सूची
1. संजू देवी, 60, पति राजेंद्र प्रसाद
2. दीपिका पासवान, 35, पति धनंजय पासवान
3. कुसुम देवी, 48, पति चंद्रमौली पांडेय
4. चंदन कुमार, 30, चालक
5. कंचन पांडेय, 34, पिता परशुराम पांडेय
6. बीरेंद्र राउत की पत्नी
7. शंभू राम की पत्नी
8. विकास राम की पत्नी