पतंजलि का गाय का घी जांच में फेल, 1.4 लाख का जुर्माना
पतंजलि आयुर्वेद का घी असुरक्षित पाया गया
पिथौरागढ़। बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड द्वारा निर्मित गाय का घी हाल ही में एक जांच में असुरक्षित पाया गया है। यह जानकारी उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान सामने आई। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यह घी खाने के लिए सुरक्षित नहीं है और इसके सेवन से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसके परिणामस्वरूप कंपनी और तीन अन्य व्यापारियों पर 1 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन पिथौरागढ़ ने बताया कि घी का नमूना पिथौरागढ़ में लिया गया था। इसकी जांच प्रदेश स्तर (रुद्रपुर) और राष्ट्रीय स्तर (गाजियाबाद) की प्रयोगशालाओं में की गई थी। जांच में यह घी मानकों पर खरा नहीं उतरा। यदि किसी ने इसे खाया, तो इसके साइड इफेक्ट हो सकते हैं और लोग बीमार पड़ सकते हैं।
घी के नमूने की जांच प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2020 को पिथौरागढ़ के कासनी क्षेत्र से खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने रूटीन चेकिंग के दौरान करन जनरल स्टोर से पतंजलि गाय के घी का नमूना लिया था। इसके बाद नमूने को राज्य सरकार की प्रयोगशाला रुद्रपुर में भेजा गया, जहां यह मानकों से नीचे पाया गया।
