पश्चिम बंगाल में बीजेपी उम्मीदवार पर भीड़ का हमला, पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट
दक्षिण दिनाजपुर में बीजेपी उम्मीदवार पर हमला
दक्षिण दिनाजपुर: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुर्शिदाबाद के बाद अब कुमारगंज से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक भीड़ ने बीजेपी के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमला कर दिया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। इस घटना का एक डरावना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी बीजेपी नेता को बचाते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि भीड़ पुलिस की मौजूदगी में ही उन पर मुक्के और थप्पड़ बरसा रही है।
पोलिंग एजेंटों को बाहर निकालने पर हुआ बवाल
बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने इस हमले का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया है। उन्होंने बताया कि कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र के 8-10 पोलिंग स्टेशनों से बीजेपी के पोलिंग एजेंटों को जबरन बाहर निकाला गया था। जब उन्हें इस बारे में पता चला, तो वे मौके पर पहुंचे और अपने एजेंटों को वापस पोलिंग स्टेशन में भेजने का प्रयास किया। शुभेंदु सरकार का कहना है कि इसी दौरान टीएमसी कार्यकर्ता उन पर अचानक हमला कर दिया।
गाड़ी में तोड़फोड़ और चुनाव आयोग की कार्रवाई
इस हमले में बीजेपी उम्मीदवार को चोटें आई हैं और उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को उनकी जान बचाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। इस गंभीर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, चुनाव आयोग ने स्थानीय प्रशासन से इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
