पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में 90% से अधिक मतदान
पश्चिम बंगाल चुनावों का दूसरा चरण
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में मतदान प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। शाम पांच बजे तक 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहा। पूर्वी बर्धमान जिले में पहले दस घंटों में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण जिले में सबसे कम 86.11 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान कुछ स्थानों पर मामूली झड़पें भी देखने को मिलीं।
राज्य की राजधानी कोलकाता सहित छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। कोलकाता के अलावा जिन जिलों में वोटिंग हुई, उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं। इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला भवानीपुर क्षेत्र को खासा आकर्षित कर रहा है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'हिंदू भाई लोग मुझे वोट कर रहे हैं। बांग्लादेशी मुसलमानों ने हंगामा किया। सभी हंगामा करने वाले बांग्लादेशी मुसलमान थे जिनका वोट कट गया है। मुसलमानों द्वारा हिंदू भाइयों पर अत्याचार हो रहा है।'
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि 'कल रात से ही अत्याचार शुरू हो गए और हमारे कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। यह अदालत की अवमानना है। मैंने इस तरह का लोकतंत्र पहले कभी नहीं देखा। तृणमूल कांग्रेस चुनाव जीत रही है। सीआरपीएफ इस तरह लोगों को प्रताड़ित नहीं कर सकती। राज्य पुलिस किसी भी बूथ पर नजर नहीं आ रही है, सब कुछ उन्होंने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्हें सीमाओं की सुरक्षा करनी चाहिए, लेकिन वे एक राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने में लगे हैं। मैंने 1984 से चुनाव लड़ा है, लेकिन इस तरह के अत्याचार पहले कभी नहीं देखे।'
ममता ने आगे कहा कि 'मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूं और इस बार इतना अत्याचार हो रहा है। इन्होंने महिलाओं और बच्चों को मारा... राणाघाट, कल्याणी, आरमबाग, घोघाट, कैनिंग, इन सभी जगहों पर इन्होंने हमारे एजेंट को बाहर कर दिया। क्या यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव है?' इस बीच, ममता बनर्जी ने एक मतदान केंद्र पर मतदान किया और वोटिंग के बाद केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
