पाकिस्तान में आतंकवादियों पर हमलावरों का कहर, आमिर हमजा गंभीर रूप से घायल
लाहौर में आतंक का नया मामला
लाहौर: पाकिस्तान में भारत के खिलाफ सक्रिय आतंकवादियों पर अज्ञात हमलावरों का हमला जारी है। हाल ही में लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सदस्य आमिर हमजा को अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और अस्पताल में उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस घटना ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों और आतंकवादी संगठनों में दहशत फैला दी है।
न्यूज चैनल के बाहर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, आमिर हमजा लाहौर में एक स्थानीय न्यूज चैनल के दफ्तर के बाहर खड़े थे, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर घटना के बाद आसानी से भागने में सफल रहे। गंभीर रूप से घायल हमजा को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
लश्कर-ए-तैयबा का महत्वपूर्ण सदस्य
आमिर हमजा लश्कर-ए-तैयबा का एक प्रमुख सदस्य है, जिसने हाफिज सईद के साथ मिलकर इस संगठन की स्थापना की थी। वह लश्कर के प्रचार-प्रसार और आतंक के लिए धन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अलावा, वह अफगानिस्तान में मुजाहिदीन के रूप में भी लड़ चुका है और भारत विरोधी प्रोपेगेंडा के लिए जाना जाता है।
नया आतंकवादी गुट बनाने की साजिश
आतंकवाद में उसकी संलिप्तता के कारण अमेरिका ने लश्कर को आतंकी संगठन घोषित किया है और हमजा पर प्रतिबंध लगाए हैं। भारतीय खुफिया एजेंसियों के अनुसार, 2018 में पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों पर कार्रवाई के दौरान, हमजा ने लश्कर से अलग होकर 'जैश-ए-मनकफा' नामक नया गुट बनाया, जिसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाना था। हालांकि, वह लश्कर के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में था और नए आतंकियों की भर्ती और धन जुटाने का काम जारी रखता था।
