पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में 13 सुरक्षा जवानों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती हमला
पेशावर। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को एक आत्मघाती हमले में सुरक्षा बल के 13 जवानों की जान चली गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी सुरक्षा सूत्रों ने दी।
सूत्रों के अनुसार, आज सुबह उत्तरी वजीरिस्तान जिले के खड्डी क्षेत्र में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को बम-रोधी इकाई के एक वाहन से टकरा दिया।
घायलों में 14 आम नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के समय सैन्य गतिविधियों के कारण इलाके में कर्फ्यू लागू था। सुरक्षा एजेंसियों ने विस्फोट के बाद राहत कार्य शुरू कर दिया है।
इस हमले की जिम्मेदारी हाफिज गुल बहादुर समूह से जुड़े आतंकवादी संगठन उसुद अल-हरब ने ली है।
यह घटना हाल के महीनों में उत्तरी वजीरिस्तान में हुई सबसे घातक घटनाओं में से एक मानी जा रही है, जिसने क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न की हैं।