पाकिस्तान में तालिबान का घातक हमला, 12 सैनिकों की जान गई

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादी हमला
पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार की सुबह एक गंभीर आतंकवादी हमले ने हड़कंप मचा दिया। दक्षिण वजीरिस्तान जिले में पाकिस्तानी तालिबान (TTP) के आतंकवादियों ने सेना के एक काफिले पर अचानक हमला किया, जिसमें 12 सैनिकों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि यह घटना सुबह लगभग 4 बजे हुई, जब सेना का काफिला क्षेत्र से गुजर रहा था। एक सरकारी अधिकारी ने कहा, 'आतंकवादियों ने काफिले पर भारी हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की। इस गोलीबारी में 12 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई।' बताया गया है कि हमलावर इतने निर्भीक थे कि उन्होंने मारे गए सैनिकों के हथियार और गोला-बारूद भी लूट लिए।
इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है। यह हाल के महीनों में सुरक्षा बलों पर हुआ सबसे घातक हमलों में से एक है। उल्लेखनीय है कि 2014 में पाकिस्तानी सेना के बड़े ऑपरेशन के बाद TTP को इन क्षेत्रों से खदेड़ दिया गया था, लेकिन 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद से TTP फिर से इन सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय हो गया है और लगातार पाकिस्तानी सेना को निशाना बना रहा है।