पुणे में 4 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी: आरोपी गिरफ्तार, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
पुणे में दर्दनाक घटना
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भोर तहसील में अपनी नानी के घर गर्मी की छुट्टियां बिताने आई 4 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने 65 वर्षीय भीमराव कांबले नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के पास स्थित तबेले में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ घिनौनी हरकत की और पहचान छिपाने के लिए उसे पत्थर से कुचलकर मार डाला।
परिवार की चिंता और पुलिस की कार्रवाई
जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो उसके परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आसपास के लोगों की मदद से तबेले में खोज की गई, जहां बच्ची का शव मिला। यह दृश्य देखकर परिवार और गांव के लोग सदमे में आ गए। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। एक फुटेज में आरोपी बच्ची को अपने साथ तबेले की ओर ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने बिना समय गंवाए भीमराव कांबले को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा: देवेंद्र फडणवीस
इस घटना ने पूरे महाराष्ट्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। एनसीपी (एसपी) के नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने आरोपी को फांसी की सजा देने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाएगी और आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग करेगी।
मानवता पर कलंक
यह घटना मानवता पर कलंक: सांसद सुप्रिया सुले
एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को मानवता पर कलंक बताते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं को झकझोरने वाली घटना है। घटना के बाद गांव में भारी गुस्सा देखने को मिला। ग्रामीणों ने शुक्रवार रात मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों की मांग थी कि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।
