पूर्वी कांगो में चर्च पर आतंकवादी हमला, 21 की मौत

कोमांडा कस्बे में भयानक हमला
किंशासा। पूर्वी कांगो के कोमांडा क्षेत्र में रविवार की सुबह एक चर्च परिसर पर हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 21 लोगों की जान चली गई। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट से जुड़े समूह एडीएफ (ADF) पर डाली जा रही है। स्थानीय नागरिक संगठन के समन्वयक डियूडोने डुरानथाबो ने जानकारी दी कि एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्स के लड़ाके रात एक बजे चर्च में घुसे। इस दौरान कई लोगों को गोली मारी गई और कुछ के शव जले हुए पाए गए। हमलावरों ने मकानों और दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया।
कोमांडा, जो इतुरी प्रांत में स्थित है, वहां कांगो सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जूल्स एनगोंगो ने भी 10 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने चर्च में घुसकर लोगों को निशाना बनाया और दुकानों में आग लगा दी। डुरानथाबो ने कहा, “हम इस हमले से स्तब्ध हैं। इतनी संख्या में सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद यह हमला हुआ। हमें सूचित किया गया है कि हमलावर अब भी शहर के निकट हैं। हम तत्काल सैन्य कार्रवाई की मांग करते हैं।”