पूर्वी कांगो में चर्च पर आतंकवादी हमला, 21 लोगों की हत्या

पूर्वी कांगो में बर्बर हमला
किंशासा: अफ्रीका के पूर्वी कांगो में एक बार फिर आतंकवादी गतिविधियों ने देश को हिला दिया है। इस्लामिक स्टेट (IS) से जुड़े एक विद्रोही समूह ने एक कैथोलिक चर्च परिसर पर हमला कर कम से कम 21 लोगों की हत्या कर दी। इस हमले के दौरान कई घरों और दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया गया, जिससे ईसाई बहुल देश में इस्लामिक आतंकवाद का भय फिर से बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिक नेता के अनुसार, यह हमला अलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (ADF) के सदस्यों द्वारा कोमांडा क्षेत्र में स्थित एक कैथोलिक चर्च पर रात लगभग 1 बजे किया गया। कोमांडा में नागरिक समाज के समन्वयक, डियूडोने दुरंतबो ने बताया कि चर्च के अंदर और बाहर 21 से अधिक लोगों को गोली मारी गई। उन्होंने कहा कि हमने कम से कम तीन जले हुए शव बरामद किए हैं और कई घरों को भी आग लगा दी गई है। घायलों और शवों की खोज अभी भी जारी है। हालांकि, कांगो सेना के प्रवक्ता ने इस हमले में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
अलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (ADF) एक खतरनाक विद्रोही समूह है, जो इस्लामिक स्टेट से जुड़ा हुआ है और युगांडा तथा कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले एक दशक से सक्रिय है। यह समूह लगातार आम नागरिकों को अपना निशाना बनाता रहा है। 2018 में, ADF ने इस्लामिक स्टेट (ISIS) के साथ औपचारिक संबंध स्थापित किए और 2019 में खुद को इस्लामिक स्टेट सेंट्रल अफ्रीका प्रोविंस (IS-CAP) के रूप में घोषित किया।
पूर्वी कांगो लंबे समय से इस तरह के हिंसक हमलों का सामना कर रहा है। यह हमला भी उसी श्रृंखला का हिस्सा है, जिसमें अक्सर धार्मिक स्थलों और समुदायों को निशाना बनाया जाता है।