पेरिस के लूव्र म्यूजियम में हुई चोरी, संग्रहालय अस्थायी रूप से बंद

लूव्र म्यूजियम में चोरी की घटना
पेरिस: फ्रांस की राजधानी में स्थित लूव्र म्यूजियम, जो दुनिया के सबसे प्रसिद्ध संग्रहालयों में से एक है, रविवार सुबह एक चौंकाने वाली चोरी के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, चोरों ने संग्रहालय की कड़ी सुरक्षा को चकमा देते हुए बेशकीमती आभूषण चुरा लिए।
फ्रांस की संस्कृति मंत्री राशिदा दाती ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आज सुबह लूव्र संग्रहालय के खुलने के समय एक डकैती हुई। उन्होंने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने संग्रहालय की प्रसिद्ध गैलरी से चतुराई से कीमती आभूषणों को चुराया। इस घटना के बाद संग्रहालय में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो फुटेज में देखा गया कि आगंतुक संग्रहालय से बाहर निकलने के लिए लंबी कतारों में खड़े थे, जबकि सुरक्षा कर्मियों की भारी तैनाती भी नजर आई।
एक अधिकारी के अनुसार, लुटेरे कथित तौर पर आभूषणों के साथ संग्रहालय से भागने में सफल रहे। इस घटना के तुरंत बाद, लूव्र म्यूजियम को पूरे दिन के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया। संग्रहालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह ‘विशेष परिस्थितियों के कारण’ बंद रहेगा, लेकिन डकैती से संबंधित कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई।
यह उल्लेखनीय है कि आधिकारिक तौर पर ‘म्यूजी डू लूव्र’ के नाम से जाने जाने वाले इस संग्रहालय में लगभग 5 लाख अमूल्य कलाकृतियां हैं, जिनमें लियोनार्डो दा विंची की प्रसिद्ध ‘मोना लिसा’, ‘द वेडिंग फीस्ट एट काना’ और ‘द वर्जिन एंड चाइल्ड विद सेंट ऐनी’ जैसी ऐतिहासिक पेंटिंग्स शामिल हैं।