प्रधानमंत्री मोदी ने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ रिमोट बटन दबाकर किया। इस उद्घाटन के साथ उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां अब 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल और कई केंद्रीय एवं राज्य मंत्री भी उपस्थित थे। यह एयरपोर्ट परियोजना 11,282 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है और इसे चार चरणों में विकसित किया जाएगा। पूरी परियोजना की कुल लागत लगभग 29,560 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। जेवर एयरपोर्ट को उत्तर भारत के एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन से पहले एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें भगवान बुद्ध की कलाकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह परियोजना देश के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा कि आज "विकसित यूपी, विकसित भारत" अभियान का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है और उत्तर प्रदेश अब उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भावनात्मक जुड़ाव भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है—पहला, इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का मौका मिला और अब उद्घाटन करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान अब इस भव्य एयरपोर्ट से जुड़ गई है। अपने भाषण में मोदी ने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से चल रहे युद्ध के कारण कई देशों में पेट्रोल, खाद और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी इस स्थिति से प्रभावित है, क्योंकि देश बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस इन क्षेत्रों से आयात करता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार इस वैश्विक संकट के बावजूद हर संभव कदम उठा रही है, ताकि इसका बोझ आम लोगों और किसानों पर न पड़े। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी विकास गति को बनाए रखा है और लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों के समय नोएडा को "लूट का एटीएम" बना दिया गया था, लेकिन आज वही नोएडा भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश के विकास का एक मजबूत इंजन बन चुका है।
