प्रयागराज में चलती ट्रेन में आशुतोष महाराज पर जानलेवा हमला
आशुतोष महाराज पर हमला
प्रयागराज। ज्योतिष्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाले आशुतोष महाराज पर रविवार को एक चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ। आशुतोष ने बताया कि वह रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहे थे और फर्स्ट AC कोच में बैठे थे। सुबह लगभग 5 बजे सिराथू रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनकी नाक काटने का प्रयास किया और उनके चेहरे और हाथ पर कई बार वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहा।
आशुतोष ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर ट्रेन के टॉयलेट में छिप गए और वहीं से जीआरपी को घटना की सूचना दी। उन्होंने इस हमले के लिए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद को जिम्मेदार ठहराया है। जीआरपी ने उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आशुतोष ने यह भी कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद ने उन्हें कोर्ट में सबूत पेश न कर पाने के लिए हमला करवाया, क्योंकि उन्हें डर था कि सबूत देखने के बाद उन्हें जमानत नहीं मिलेगी। उन्होंने इसे यात्रा से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का स्पष्टीकरण
हालांकि, शंकराचार्य ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सब दिखावा है। उनका कहना है कि आशुतोष माहौल बनाने और सुरक्षा पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन में सुरक्षा की जिम्मेदारी रेलवे की होती है और आशुतोष का बाथरूम से निकलने के बाद हमले की बात कहना केवल उन्हें बदनाम करने की कोशिश है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने स्पष्ट किया कि वे शारीरिक हिंसा के पक्षधर नहीं हैं और आरोपों का जवाब तर्कों से देंगे। उन्होंने 11 मार्च को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम के लिए अनुमति न मिलने पर सरकार को चेतावनी भी दी।
