प्रयागराज में पिता ने बेटे की हत्या की, अवैध संबंध का शक
प्रयागराज में दिल दहला देने वाली घटना
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां करेली थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने 20 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। आरोपी ने जूसर के हैंडल से बेटे के सिर पर वार किया। हत्या के बाद, उसने शव को कमरे में बंद कर दिया और घर का ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने परिवार के साथ करेली में रहता था, जिसमें उसकी पत्नी और तीन बेटे शामिल थे। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है, जबकि उसका सबसे बड़ा बेटा सब्जी बेचने का काम करता था। शुक्रवार रात, किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ता गया।
जब विवाद बढ़ा, तो बेटे ने अपनी मां को मायके भेज दिया। इसके बाद, मामला शांत होता दिखा और तीनों बेटे खाना खाकर छत पर सोने चले गए। सुबह जब बेटे नीचे आए, तो देखा कि पिता घर पर नहीं था। कमरे का ताला लगा था और मुख्य दरवाजा भी बाहर से बंद था। जब बेटों ने इसकी जानकारी मां को दी, तो वह तुरंत घर पहुंची। दरवाजा खोलने पर जब कमरे का ताला खोला गया, तो सबके होश उड़ गए। सबसे बड़े बेटे का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
सूचना मिलने पर एसीपी निकिता श्रीवास्तव, करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी की और साक्ष्य जुटाए। जांच में पता चला कि आरोपी को अपनी पत्नी और बेटे के बीच अवैध संबंध का शक था। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें बनाई और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में आकर बेटे की हत्या की।
घटना के बाद मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार कह रही है कि अगर वह घर से नहीं जाती, तो शायद उसका बेटा आज जिंदा होता। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले अपने छोटे भाई पर भी इसी तरह का शक करता था, जिसके कारण परिवार में कई बार विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
