प्रियंका गांधी ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर दी प्रतिक्रिया, कहा- न्यायपालिका नहीं तय कर सकती सच्चे भारतीय की पहचान

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर प्रियंका गांधी का बयान
नई दिल्ली- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सेना से संबंधित बयान पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कोर्ट ने सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति सच्चा भारतीय है, तो उसे इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। इस पर प्रियंका गांधी वाड्रा, जो कांग्रेस महासचिव भी हैं, ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यह न्यायपालिका या किसी जज का काम नहीं है कि वह यह तय करे कि कौन सच्चा भारतीय है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहुल गांधी ने हमेशा सेना और हमारे जवानों का सम्मान किया है। प्रियंका ने मंगलवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'कौन सच्चा भारतीय है और कौन नहीं—यह तय करना न्यायपालिका या किसी जस्टिस का काम नहीं है। मैं न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हुए ये बात कह रही हूं। राहुल गांधी ने हमेशा सेना और हमारे जवानों का सम्मान किया है। उनके हर एक भाषण या टिप्पणी में सेना के प्रति आदर स्पष्ट दिखता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और उनका कर्तव्य है कि वे सरकार से सवाल पूछें। जब सरकार जवाब नहीं देना चाहती, तो ऐसे हथकंडे अपनाए जाते हैं। सदन का कामकाज लंबे समय से ठप है। क्या सरकार इतनी कमजोर हो गई है कि सदन नहीं चला पा रही है? आखिर सरकार एसआईआर पर चर्चा क्यों नहीं कर रही, जबकि पूरा विपक्ष संसद में चर्चा की मांग कर रहा है?'
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की 'चीन द्वारा भारत की जमीन पर कब्जा' करने वाली टिप्पणी पर सवाल उठाया था। कोर्ट ने कहा था कि, 'यदि वह एक सच्चे भारतीय होते, तो इस तरह की बातें नहीं करते।' राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान सेना के बारे में टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने 9 दिसंबर 2022 को तवांग सेक्टर में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प का उल्लेख किया था।