फतेहपुर में प्रेमिका और पति ने मिलकर प्रेमी की हत्या की
फतेहपुर में दिल दहला देने वाली घटना
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला ने अपने पति के सहयोग से अपने प्रेमी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने न केवल युवक की जान ली, बल्कि उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए ग्राइंडर मशीन से काटकर जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने तकनीकी सहायता से पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्यार का खौफनाक अंत
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव के निवासी विजय निषाद (20) का हमीरपुर की किरन से प्रेम संबंध था। किरन का पति कामता निषाद गुजरात में काम करता था, और दोनों पिछले आठ महीनों से मिल रहे थे। हाल ही में विजय ने किरन की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दीं, जो उसके पति तक पहुंच गईं। तस्वीरें देखकर कामता ने नौकरी छोड़कर गांव लौट आया, जिसके बाद घर में विवाद हुआ। इस विवाद के बाद किरन ने अपने पति की ओर झुकाव दिखाया और दोनों ने मिलकर विजय को खत्म करने की योजना बनाई।
हत्या की योजना यूट्यूब से
पूछताछ में यह बात सामने आई कि इस भयावह हत्या की योजना यूट्यूब और इंटरनेट से बनाई गई थी। आरोपियों ने सर्च किया कि हत्या के बाद सबूत कैसे मिटाएं और पुलिस से कैसे बचें।
योजना के अनुसार, 8 मई को किरन ने विजय को अपने घर बुलाया। वहां कामता ने लकड़ी के चौखट से विजय के सिर पर वार कर उसे मार डाला।
शव को ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद शव को घर में छिपा दिया गया। जब वे शव को ठिकाने लगाने लगे, तो गर्मी के कारण शव अकड़ गया था। इसके बाद उन्होंने बाजार से ग्राइंडर मशीन खरीदकर शव के अंग काट दिए और फिर अवशेषों को कानपुर के जंगल में जाकर पेट्रोल से जला दिया। उन्होंने विजय का मोबाइल, जूते, चश्मा और दस्तावेज भी नष्ट कर दिए।
पुलिस की जांच में खुलासा
विजय के लापता होने पर उसके परिवार ने 10 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने विजय की कॉल डिटेल निकाली, जिसमें किरन से लगातार बातचीत का पता चला। जब पुलिस ने किरन को फोन किया, तो वह घबरा गई और फोन काट दिया। इसी आधार पर पुलिस ने दंपती को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे सारा सच सामने आ गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के अवशेष, हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक, ग्राइंडर मशीन और लकड़ी का चौखट बरामद कर लिया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
