फरीदाबाद नगर निगम का दीपावली से पहले रोशनी का अभियान

फरीदाबाद में सड़कों और बाजारों की मरम्मत का कार्य
- नगर निगम क्षेत्र में सड़कों और बाजारों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
- फरीदाबाद को रोशन करने के लिए निगम का विशेष अभियान जारी है।
फरीदाबाद। दीपावली के पावन अवसर से पहले, फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र में सड़कों और बाजारों को रोशन करने के लिए निगम प्रशासन द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के निर्देशों के तहत, नगर निगम की इलेक्ट्रिक शाखा स्ट्रीट लाइटों और हाई मास्क लाइटों की मरम्मत का कार्य तेजी से कर रही है। जहां नई लाइट्स की आवश्यकता है, वहां नई लाइट लगाने का कार्य भी किया जा रहा है।
प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता
निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने बताया कि दीपावली पर फरीदाबाद शहर को सुरक्षित और जगमग बनाने के लिए हर वार्ड और प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इस बीच, कुछ स्थानों से यह गलत सूचना आई है कि निगम द्वारा दिन के समय लाइटें जलाई जा रही हैं।
भ्रांतियों से बचने की अपील
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह स्थिति सामान्य मरम्मत प्रक्रिया का हिस्सा है। दरअसल, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइटों की जांच और मरम्मत का कार्य रात के समय संभव नहीं है, क्योंकि तकनीकी रूप से मरम्मत के लिए लाइट को चालू करके चेक करना आवश्यक होता है। इसलिए यह कार्य दिन के समय किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस संबंध में किसी भी भ्रांति पर विश्वास न करें और न ही उसे फैलाएं।
दीपावली के लिए तैयारियां
नगर निगम के कर्मचारी पूरी मेहनत से दीपावली से पहले शहर की सभी प्रमुख सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों को रोशन करने में जुटे हुए हैं। फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एरिया, एन एच 3, बल्लभगढ़, सेक्टर 8 और 9 सहित सभी क्षेत्रों में लाइट रिपेयरिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी लाइट लगाने और मरम्मत के कार्य जारी हैं। निगम आयुक्त ने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम का उद्देश्य है कि दीपावली के अवसर पर शहर की सभी गलियां, सड़के और सार्वजनिक स्थल रोशनी से भरे रहें ताकि नागरिक त्योहार का आनंद सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में ले सकें।